
देवास। अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का देवास पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने घर की बाधा और तांत्रिक क्रिया से समस्या दूर करने का झांसा देकर एक महिला से करीब 3 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण ठग लिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ठगी किए गए सोने के आभूषण सहित 100 प्रतिशत मश्रुका बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने बताया कि 30 अगस्त 2026 को त्रिलोक नगर निवासी गीता प्रजापत ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादिया के अनुसार आरोपियों ने घर की बाधा एवं तांत्रिक क्रिया से समस्या का समाधान करने का झांसा देकर पहले उससे 2,100 रुपए लिए। इसके बाद आरोपी उसके घर पहुंचे और तांत्रिक क्रिया के नाम पर सोने के आभूषण लेकर उन्हें लाल कपड़े की पोटली में बांध दिया। आरोपियों ने अगले दिन पोटली वापस करने की बात कही।
फरियादिया जब आरोपियों द्वारा बताए गए मिश्रीलाल नगर स्थित स्थान पर पहुंची तो आरोपियों ने कथित तांत्रिक क्रिया के बाद उसे पोटली वापस कर दी। घर पहुंचकर पोटली खोलने पर उसमें से सोने के आभूषण गायब मिले। जब वह वापस मिश्रीलाल नगर पहुंची तो आरोपियों के ठिकाने पर ताला लगा मिला। शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 482/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
200 से ज्यादा CCTV खंगाले, 3000 किमी पीछा कर पहुंचे राजस्थान
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक विजय सिंह लोधी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आरोपियों की गतिविधियों से जुड़े 200 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। CCTV फुटेज और विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम पहले अहमदाबाद (गुजरात) पहुंची और इसके बाद लगातार सुरागों का पीछा करते हुए पाली एवं जोधपुर (राजस्थान) तक पहुंची।
लगभग 3000 किलोमीटर की यात्रा कर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में लिया।
घर से बरामद हुए ठगी के पूरे जेवर
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रदीप पिता चंपालाल जोशी (36), निवासी पिपाड़ शहर, जिला जोधपुर तथा विनोद कुमार पिता कैलाशचंद्र जोशी (42), निवासी पिपाड़ शहर, जिला जोधपुर बताए। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पाली, राजस्थान स्थित विनोद कुमार के घर से फरियादिया से ठगी किए गए संपूर्ण सोने के आभूषण बरामद कर लिए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के एक जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी कान की झुमकी, एक बड़ा मंगलसूत्र पेंडल, दो छोटे मंगलसूत्र पेंडल, 18 मोती (पारा) एवं तीन मोबाइल फोन सहित करीब 3 लाख रुपए का मश्रुका बरामद किया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक विजय सिंह लोधी, उनि लोकेश कुशवाह, उनि संजय सौराष्ट्रीय, प्रधान आरक्षक पवन पटेल, सुनील देथलिया, आरक्षक हितेश कुशवाह तथा साइबर सेल देवास से प्रधान आरक्षक सचिन चौहान एवं शिवप्रताप सिंह सेंगर का विशेष योगदान रहा। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।



