
देवास । केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 05 सितंबर 2026 (शनिवार) को देवास जिले के खातेगांव पहुंचेंगे।केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित निशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण का शुभारंभ करेंगे तथा मेधावी छात्रवृत्ति कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान शनिवार दोपहर 1 बजे खातेगांव स्थित सुषमा स्वराज स्टेडियम पहुंचेंगे। यहाँ वे स्थानीय कार्यक्रम, निशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण के शुभारंभ तथा रक्षाबंधन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके उपरांत वे सामाजिक समरसता- कलश यात्रा के समापन कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर 03:15 से 04:45 बजे तक आयोजित स्थानीय कार्यक्रम एवं मेधावी छात्रवृत्ति वितरण समारोह में भाग लेंगे।
*ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा सिलाई प्रशिक्षण*
बैंक ऑफ इंडिया स्टार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) देवास द्वारा खातेगांव में गैर-आवासीय प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के सहयोग से आयोजित इस 30 दिवसीय प्रशिक्षण में पात्र 30 महिलाओं को महिला वस्त्र निर्माण (सिलाई) का व्यावहारिक कौशल सिखाया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को माप लेने, कटिंग, विभिन्न टांके, फिनिशिंग, गुणवत्ता जांच के साथ-साथ उद्यमिता और स्वरोजगार स्थापित करने का मार्गदर्शन भी दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें।



