देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले के सतवास में हुई सनसनीखेज महिला हत्या और उसकी बेटी पर जानलेवा हमले के मामले को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले दो नाबालिगों (विधि से संघर्षरत बालकों) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपियों ने महंगी चेन लूटने और अपने शौक पूरे करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।
महंगे शौक के लिए रची थी साजिश:-
पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपियों की नजर बुजुर्ग महिला के गले में मौजूद सोने की चेन पर थी। वारदात को अंजाम देने से पहले दोनों नाबालिगों ने महिला के घर की दो से तीन बार रेकी भी की थी, जो पास ही लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई। 10 सितंबर को आरोपी लूट के इरादे से घर में घुसे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई बेटी पर भी आरोपियों ने बेरहमी से वार किया।
डायल 112 की सूचना पर दौड़ी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही देवास पुलिस अधीक्षक (SP) पुनीत गेहलोद के निर्देशन में एएसपी (ग्रामीण) सौम्या जैन और एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी के नेतृत्व में 4 थानों की संयुक्त टीमों ने मोर्चा संभाला। खून से लथपथ मिली रानू शर्मा (35) को तुरंत इंदौर के अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ डॉक्टरों और पुलिस के समन्वय से उसकी जान बचाई जा सकी। वहीं, उनकी 60 वर्षीय माँ माया शर्मा की इस हमले में मौत हो गई थी।
वैज्ञानिक साक्ष्य और मुस्तैदी से मिला सुराग
इंदौर भेजी गई पुलिस टीम ने अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही घायल बेटी रानू से घटनाक्रम की कड़ियाँ जोड़ीं। मौके पर पहुँची एफएसएल (FSL) टीम ने वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने 8-10 लोगों से कड़ाई से पूछताछ की,तो परतें खुलती चली गईं।
लूट का सामान और हथियार बरामद
पुलिस अभिरक्षा में लिए गए दोनों नाबालिगों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने:सोने की चेन के 2 टुकड़े (लगभग 10-10 ग्राम)वारदात में इस्तेमाल किया गया छुर्रा (धारदार हथियार)लोहे का एक भारी बाटदो मोबाइल फोन और चाकू का कवर बरामद किया है।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम
इस त्वरित और पेशेवर खुलासे में सतवास थाना प्रभारी आशीष पाल, खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप कुमार पुरी, निरीक्षक राहुल रावत, सायबर सेल के शिवप्रताप सिंह, युवराज सहित चार थानों के पुलिस बल और कप्तानों की विशेष भूमिका रही। पुलिस प्रशासन द्वारा इस जांबाज टीम की सराहना की जा रही है।



